मेरठ में महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पति से विवाद के बाद घर से निकली थी
मेरठ। पावलीखास फाटक के पास रविवार शाम एक 35 वर्षीय महिला की नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला ने पारिवारिक विवाद से आहत होकर आत्महत्या की है। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
पति से अनबन के बाद घर से निकली थी महिला
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतका नितेश उर्फ नीतू, मूल रूप से गणेशपुरी, मवाना की रहने वाली थी और वह मेरठ के रोशनीकुंज, पल्लवपुरम में अपने पति सतीश के साथ पिछले डेढ़ साल से किराए पर रह रही थी। सतीश एक निजी बैंक में लोन रिकवरी का कार्य करता है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को दंपती के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद नीतू गुस्से में घर से निकल गई और रेलवे स्टेशन के आसपास घूमती रही।
चलती ट्रेन के सामने कूद गई महिला
शाम होते-होते नीतू पावलीखास रेलवे फाटक के पास पहुंची, जहां से गुजर रही नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन के सामने उसने छलांग लगा दी। ट्रेन से कटते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पति को दी सूचना, मौके पर पहुंचे परिजन
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी ने महिला की पहचान की और उसके पति को सूचना दी। कुछ ही देर में पति और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।