उत्तराखंड

सांसद भट्ट नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय प्रवास के दौरान नानकमत्ता पहुंचे।

नानकमत्ता। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार वर्ष 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकास का रोडमैप लेकर चल रही है। भाजपा सरकार के विकास कार्यों की वजह से ही जनता के आशीर्वाद से केंद्र में चौथी व प्रदेश में भाजपा सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है। यह बात भाजपा सांसद अजय भट्ट ने प्रबुद्ध जनों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

सांसद भट्ट नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय प्रवास के दौरान नानकमत्ता पहुंचे। उनका भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने विधानसभा कोर कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर की तैयारियों की कोर कमेटी के सदस्यों से जानकारी ली। नानक सागर जलाशय के पार बसे ऐंचता गांव पहुंच कर सांसद भट्ट ने शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं की बैठक में कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर जोश भरा। शाम को नगर के पर्वतीय भवन के सभागार में प्रबुद्ध जनों की बैठक में उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक के बाद प्रगति पथ के ध्येय वाक्य के साथ पर्वतीय भवन से ग्राम सुनखरी में निर्माणाधीन महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय तक पैदल मार्च निकाला।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश जोशी ने किया। वहां पर पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पाल राणा, उमेश अग्रवाल, डॉ देवेंद्र सिंह, डॉ जय प्रकाश शर्मा, छगनलाल अग्रवाल, ओम नारायण राणा, इंद्रपाल सिंह, रमेश जोशी, भुवन जोशी, सपना राणा आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *