Haridwar News: पीड़िता के परिजनों का आरोप, सास करती थी परेशान तो डाला पेट्रोल!
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के रोशनाबाद में एक विवाहिता द्वारा खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। इस गंभीर घटना पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को मामले की गहराई से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
परिजनों का आरोप सास करती थी परेशान
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी सास उसे लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि घटना में महिला करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला आयोग ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
उत्तराखंड महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने इस घटना को “दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक” बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए एक चेतावनी हैं और महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बयान दर्ज होते ही दोषियों पर होगी कार्रवाई
कुसुम कंडवाल, अध्यक्ष, उत्तराखंड महिला आयोग ने कहा कि “ पीड़ित महिला के बयान दर्ज होने के बाद दोषियों को कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए। महिला आयोग पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।”