पीएम राहत योजना के तहत राज्य में अभी तक सड़क हादसों में घायल केवल सात लोग लाभान्वित हुए
देहरादून : पीएम राहत योजना के तहत राज्य में अभी तक सड़क हादसों में घायल केवल सात लोग लाभान्वित हुए हैं। योजना फरवरी में लागू हुई थी। 17 के इलाज के लिए प्रक्रिया हो सकी।उत्तराखंड में अभी तक सड़क हादसों में घायल केवल सात लोगों को पीएम राहत योजना का लाभ मिल सका है, जबकि इसी वर्ष मार्च से जून में सड़क हादसों में 406 घायल हुए हैं। इसी वर्ष फरवरी में पीएम राहत योजना शुरू हुई थी।
इसके तहत अगर कोई व्यक्ति सड़क हादसे में घायल होता है, तो उसका आयुष्मान जैसी योजनाओं से जुड़े नामित अस्पताल में सात दिन तक डेढ़ लाख तक का इलाज निशुल्क किया जाएगा।अगर अस्पताल नामित नहीं है तो घायल व्यक्ति को भर्ती कराया जाता है तो वह 48 घंटे तक उसको स्टेबल कर योजना से जुड़े नामित अस्पताल में शिफ्ट करेगा। पुलिस भी सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की तस्दीक करेगी। इस सबके लिए एक प्रक्रिया बनाई गई है।
वहीं, परिवहन विभाग के अनुसार उत्तराखंड में इस वर्ष मार्च से जून के बीच 514 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, इनमें 406 लोग घायल हुए, जबकि 281 लोगों की मृत्यु हुई। पर पीएम राहत योजना के तहत केवल 17 लोगों की प्रक्रिया हुई। इनमें से पुलिस ने सात घायलों के मामलों में आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा नहीं किया, जिससे कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पाई। तीन लोग घायल श्रेणी में शामिल ही नहीं हो पाए, शेष सात घायलों का ऊधम सिंह नगर, देहरादून और चमोली जिले के अस्पतालों में योजना के तहत इलाज हुआ।