पौड़ी में विकसित किया जा रहा इको एडवेंचर पार्क, साहसिक पर्यटन और रोमांच का बनेगा नया केंद्र
पौड़ी- जनपद मुख्यालय स्थित इको एडवेंचर पार्क को एक नवाचारी पर्यटन परियोजना के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिला योजना के माध्यम से पार्क को साहसिक पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में स्थापित करने के साथ ही यहां पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए आधुनिक जनसुविधाएं विकसित की जा रही हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बुधवार को निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पार्क का संचालन जल्द शुरू किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग के नीचे बनाए जा रहे टिकट काउंटर का निर्माण दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क में बैठने के लिए बेंच लगाने, खाली स्थानों पर फूल-पौधे विकसित करने, वृक्षों को आकर्षक रंगों से सजाने तथा रास्तों पर रंग-रोगन एवं रेलिंग लगाने को कहा। पार्क की चहारदीवारी पर सुरक्षा की दृष्टि से कांटेदार तार लगाने और आवश्यक स्थानों पर साइनेज स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि परिसर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा सके।
पार्क परिसर में निर्माणाधीन कैफे का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने दीवारों और फर्श को टिकाऊ बनाने तथा सीलन से बचाव के लिए आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कैफे में लकड़ी का फर्नीचर लगाने और इसकी साज-सज्जा आकर्षक बनाने को कहा, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
एडवेंचर गतिविधियों के सुरक्षित संचालन को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अधिकारियों को पौड़ी एवं पालकोट स्थित इको एडवेंचर पार्कों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल लगाने और विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करने को भी कहा, ताकि पार्क में प्रस्तावित गतिविधियों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जा सके।
पार्क में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों के झूले लगाने तथा ओपन जिम के उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क में ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे स्थानीय लोग भी नियमित रूप से यहां पहुंच सकें और पर्यटकों के साथ परिवारों को भी बेहतर अनुभव मिल सके।
