हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग में नई नियुक्तियां की ,आयोग की चेयरपर्सन बनीं बंतो कटारिया
हरियाणा : हरियाणा सरकार ने हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग में नई नियुक्तियां की हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से 8 अगस्त को जारी अधिसूचना के अनुसार बंतो कटारिया को आयोग की चेयरपर्सन और रेनू डाबला को वाइस चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। राज्यपाल की ओर से इन नियुक्तियों को मंजूरी दी गई है।
रेनू डाबला रोहतक की पूर्व मेयर रह चुकी हैं। उन्हें अब अनुसूचित जाति आयोग में वाइस चेयरपर्सन की जिम्मेदारी दी गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति के नियम एवं सेवा शर्तें अलग से जारी की जाएंगी। विभाग ने नियुक्ति संबंधी अधिसूचना को हरियाणा सरकार के राजपत्र में प्रकाशित करने के लिए भी भेज दिया है।दोनों नियुक्तियां राजनीतिक तौर पर भी अहम मानी जा रही हैं, क्योंकि सरकार ने अनुसूचित जाति आयोग के शीर्ष दोनों पदों पर महिला नेताओं को जिम्मेदारी दी है। आयोग अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े अधिकारों, शिकायतों और उनके हितों से संबंधित मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।