उत्तराखंड

हल्द्वानी: भोलेनाथ गार्डन में मकान की दूसरी मंजिल पर लगी भीषण आग, कपड़ों का गोदाम जलकर खाक(वीडियो)

हल्द्वानी: भोलेनाथ गार्डन क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित कपड़ों के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम से धुआं उठने लगा। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। गली के अंदर गोदाम होने के कारण फायर कर्मियों को आग बुझाने में चुनौती का सामना करना पड़ा। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर लगाई गईं।

सीएफओ गौरव किरार भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा कपड़ों का सामान जल गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *