खटीमा में सीएम धामी ने भगवान भोलेनाथ एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं का किया अनावरण
खटीमा: पुष्कर सिंह धामी ने बंडिया क्षेत्र में भव्य भगवान भोलेनाथ एवं महाबली हनुमान जी की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की संस्कृति, परंपरा एवं धार्मिक आस्था हमारी पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं विकास केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी माध्यम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित और विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान भोलेनाथ और महाबली हनुमान जी की प्रतिमाएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा, श्रद्धा और जनकल्याण की भावना को और मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और संस्कारों को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन पर प्रसन्नता व्यक्त की।