मध्य प्रदेश में बनेंगे 5 नए एयरपोर्ट, पहले चरण में सिंगरौली को मिलेगी हवाई कनेक्टिविटी
भोपाल : मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए पांच नए एयरपोर्ट बनाने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश में प्रस्तावित नए एयरपोर्ट के लिए पूरी मदद करेगी। पहले चरण में सिंगरौली समेत पांच स्थानों पर एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नायडू ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में प्रदेश में एयरपोर्ट निर्माण और हवाई सेवाओं के विस्तार को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में उज्जैन और शिवपुरी के एयरपोर्ट निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बैठक में पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में यह सेवा शुरू होने के बाद अब तक 170 से अधिक गंभीर मरीजों को एयर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक इनमें 99 प्रतिशत मरीजों की जान बचाने में सफलता मिली है। आयुष्मान कार्डधारियों के लिए यह सेवा निशुल्क उपलब्ध है। गंभीर मरीजों को प्रदेश के किसी भी क्षेत्र से जरूरत के अनुसार बड़े अस्पताल तक पहुंचाया जाता है। केंद्रीय मंत्री ने इस सेवा की सराहना करते हुए इसे दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण बताया।
केंद्रीय मंत्री नायडू ने बताया कि केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ योजना का विस्तार अब वर्ष 2036 तक कर दिया गया है। अगले 10 वर्षों में देश में 100 नए एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी योजना के तहत मध्यप्रदेश में भी प्रस्तावित एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे।
विमानन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल ने बताया कि पिछले छह महीने में मध्यप्रदेश के 50 हजार से अधिक यात्रियों ने हवाई सेवाओं का लाभ लिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में बढ़ती एयर कनेक्टिविटी के प्रति लोगों के भरोसे को दर्शाता है। प्रदेश में पीएमश्री वायु पर्यटन सेवा, पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा और पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा संचालित की जा रही हैं। पिछले महीने इंदौर से अबूधाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शुरू हुई है। रविवार से प्रदेश में चार नई सीधी हवाई सेवाओं का विस्तार किया गया है।