उत्तराखंड

27वां राज्य स्थापना दिवस जनपद में हर्षाेल्लास से मनाया गया

रूद्रपुर । 27वां राज्य स्थापना दिवस जनपद में हर्षाेल्लास से मनाया गया। जनपद मुख्यालय पर मुख्य कार्यक्रम गॉधी पार्क रूद्रपुर में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, सुरेश कोली, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित राज्य आन्दोलनकारियों व अन्य अधिकारियों द्वारा राज्य आन्दोलन में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजली दी गयी, तथा राज्य आन्दोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ’’सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊॅची उड़ान’’ विकास पुस्तिका का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम व स्कूली बच्चों द्वारा मानकोहक, सुन्दर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये।

बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुये क्षेत्रीय विधायक ने राज्य स्थापना दिवस की सभी को बधाई देते हुये कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कड़े संघर्ष के बाद राज्य मिला है, राज्य की प्राप्ति के लिए आन्दोलनकारियों द्वारा अपने प्राणों की आहूती दी गई तथा जेल में अनेकों यातनाएं सही है और राज्य निर्माण में मातृ शक्ति ने बहुत बड़ा संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि हमारी मातृ शक्ति ने राज्य निर्माण हेतु आधारशिला का काम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने मानवीय संवेदनाओं, मूल भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य गठन कर, आन्दोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का तोहफा दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य ने इन 26 वर्षों के सफर में बहुत कुछ पाया है और भी बहुत कुछ पाना बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देवभूमि से विशेष लगाव है और कई अरब रूपये की योजनाएं उत्तराखण्ड को दी है। उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ की भूमि से प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा था आने वाला दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संकल्प लिया कि अपने राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य के चहुमुॅखी विकास हेतु सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में आन्दोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, नकल विरोधी कानून, धर्मान्तरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता सहित रूद्रपुर में बाईपास, किच्छा में सेटेलाईट एम्स की स्थापना, स्मार्ट औद्योगिक पार्क, रूद्रपुर में फोरेसिंक विश्वविद्यालय स्वीकृति, आद्युनिक सर्किट हाउस का निर्माण, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण को विस्तारीकरण कर इंटरनेशनल स्तर का बनाया जा रहा है इसके साथ ही नई रेल का संचालन, सड़को का विकास, प्रदेश में हैली सेवा संचालित की गई है। उन्होने कहा कि सरकार प्रदेश के चहुमुंखी विकास हेतु बड़े विजन, ईमानदारी व संकल्प रहित विकल्प के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होने कहा हम सभी का दायित्व है कि मिल-जुलकर समन्वय बनाते हुये प्रदेश को भारत का नम्बर वन राज्य बानाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *