मेडल पाकर खिले हाथरस के जिला टॉपरों के चेहरे , 44 मेधावी हुए सम्मानित
हाथरस : ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हाथरस जिला टॉपर एवं स्कूल टॉपर विद्यार्थियों का सम्मान समारोह शहर के लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य अरुण शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं और उन्हें अपनी क्षमता पहचानने का अवसर प्रदान करती हैं। अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।