उत्तराखंड

नैनीताल: कुमाऊं में ऑरेंज अलर्ट को लेकर प्रशासन अलर्ट, कमिश्नर दीपक रावत ने सभी DM को दिए सतर्कता के निर्देश

नैनीताल: कुमाऊं मंडल में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंडल के सभी छह जिलाधिकारियों को एहतियातन पूरी सावधानी बरतने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं।कुमाऊं आयुक्त ने कहा कि सभी जिलों में जिला आपदा कंट्रोल रूम के साथ ही तहसील और ब्लॉक स्तर के कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रखे जाएं। साथ ही लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एनएच, सिंचाई, विद्युत, पेयजल निगम, ब्रिडकुल और ग्रामीण निर्माण विभाग समेत सभी कार्यदायी संस्थाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी और पर्याप्त मैनपावर की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि भूस्खलन या सड़क बाधित होने की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। आयुक्त ने नदियों, नालों और गधेरों के किनारे तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रह रहे लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना मिलते ही बिना देरी के राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए। प्रशासन को लगातार मौसम और जमीनी हालात पर नजर रखने को कहा गया है।वहीं, आयुक्त दीपक रावत ने आम जनता से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *