उत्तराखंड

नैनीताल में फिल्म पीएन 36 की शूटिंग के लिए पहुंची अभिनेत्री जाह्नवी कपूर

नैनीताल। बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री जाह्नवी कपूर इन दिनों नैनीताल में अपनी आगामी फिल्म पीएन 36 की शूटिंग कर रही हैं। इसी सिलसिले में वह रविवार को नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर में दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचीं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर ठीक 12रू45 बजे जाह्नवी कपूर मंदिर परिसर पहुंचीं। इस दौरान उनकी सादगी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वह बेहद सादे लिबास में अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ पार्किंग क्षेत्र से नंगे पैर चलकर मंदिर के मुख्य परिसर तक गईं। मंदिर पहुंचकर उन्होंने मां नयना देवी के दर्शन किए और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने परिसर का भ्रमण किया और वहां स्थापित शिवलिंग पर श्रद्धापूर्वक जल भी चढ़ाया। मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने इस मौके पर अभिनेत्री का स्वागत किया और उन्हें मंदिर के गौरवशाली इतिहास तथा अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक मान्यताओं की विस्तार से जानकारी दी।

दर्शन के बाद जाह्नवी कपूर नैनीताल के नैसर्गिक सौंदर्य की मुरीद नजर आईं। उन्होंने यहां के सुहावने मौसम और विश्व प्रसिद्ध नैनीझील की तारीफ करते हुए इसे बेहद दर्शनीय बताया। जैसे ही मंदिर में मौजूद आम श्रद्धालुओं को अभिनेत्री की मौजूदगी की भनक लगी, उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। करीब 15 मिनट मंदिर परिसर में बिताने और प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार करने के बाद जाह्नवी कपूर कड़ी सुरक्षा के बीच वहां से वापस लौट गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *