मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा एवं सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के साथ ही जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। उनका संदेश आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
