उत्तरकाशी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा के लिए पुलिस का नया कदम, गंगोत्री-यमुनोत्री मार्गों में हाईटेक बुलेट मोटर साइकिलों को एसपी कमलेश उपाध्याय ने दिखाई हरी झंडी

गंगोत्री-यमुनोत्री मार्गों हेतु हाईटेक बुलेट मोटर साइकिलों को एसपी उत्तरकाशी द्वारा दिखाई गईं हरी झण्डी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा हेतु उत्तरकाशी पुलिस का नया कदम

चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय (PHQ) द्वारा जनपद उत्तरकाशी को आवंटित 05 आधुनिक बुलेट मोटर साइकिलों को आज दिनांक 25 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात पुलिस लाइन ज्ञानसू, उत्तरकाशी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इन अत्याधुनिक मोटर साइकिलों को विशेष रूप से श्री गंगोत्री एवं श्री यमुनोत्री धाम यात्रा मार्गों पर तैनात किया जाएगा, जो दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करते हुए यातायात नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा बताया गया कि ये मोटर साइकिलें आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित हैं, जिनमें एल्कोमीटर, लाउड हेलर, जीपीएस सिस्टम, सायरन एवं फ्लैश लाइट्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनकी सहायता से पुलिस बल यात्रा मार्गों पर निरंतर भ्रमणशील रहकर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा दुर्घटना/आपात स्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करेगा।

चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को दृष्टिगत रखते हुए यह पहल यात्रियों की सुरक्षा, मार्गदर्शन एवं सुविधा को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। साथ ही अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए कानून व्यवस्था को भी सुनिश्चित किया जाएगा।

“सुरक्षा, सुविधा एवं सम्मान” के ध्येय पर उत्तरकाशी पुलिस चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सफल एवं व्यवस्थित बनाने हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है तथा समस्त श्रद्धालुओं से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार, प्रतिसार निरीक्षक श्री शिव कुमार, निरीक्षक यातायात श्री सुनील कुमार, उपनिरीक्षक यातायात लक्ष्मण चुफाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *