जिलाधिकारी ने ली शीतलहर से बचाव की तैयारियों को लेकर बैठक, अधिकारियों को दिए मुस्तैद रहने के निर्देश
पौड़ी- शीत ऋतु में जनसुरक्षा और आमजन को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में शीतलहर से बचाव एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में की जा रही तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि ठंड के दौरान किसी भी व्यक्ति को खुले में रात बिताने की स्थिति न आए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों और निराश्रित व्यक्तियों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों और उपजिलाधिकारियों को रैन बसेरों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैन बसेरों में कंबल, तकिए, बिस्तर, शौचालय, पेयजल और हीटर की व्यवस्था होनी चाहिए। इनका उपयोग किसी भी स्थिति में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शाम के समय अलाव जलाने के लिए जाने वाले दल निराश्रित एवं बेसहारा व्यक्तियों को चिह्नित कर उन्हें रैन बसेरों तक पहुंचाने में भी सहयोग करें। साथ ही जरूरतमंदों को निर्धारित सूची के अनुसार निःशुल्क कंबल वितरित किए जाएं।
पाला प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील मार्गों, तीखे मोड़ों और अधिक ठंड वाले स्थानों पर चूना एवं नमक का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बर्फबारी की आशंका वाले क्षेत्रों में भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने अथवा आवागमन प्रभावित होने की स्थिति में समय रहते कार्रवाई की जा सके।
शीतलहर के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को लेकर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाव, विशेषकर गर्भवती महिलाओं और स्ट्रोक के मरीजों के लिए आवश्यक सावधानियों के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके लिए एक सप्ताह के भीतर प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाने को कहा, ताकि आमजन को समय रहते जरूरी जानकारी मिल सके।
जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को सभी विभागों से तैयारियों एवं की गई कार्रवाई की नियमित और व्यवस्थित रिपोर्टिंग सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतलहर, पाला और बर्फबारी के दौरान जनसुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान, प्रभारी एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा, डीडीएमओ दीपेश काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
