चारधाम यात्राः तीर्थयात्रियों की संख्या में दिनों-दिन बढ़ोतरी
ऋषिकेश:चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में दिनों-दिन बढ़ोतरी हो रही है। 21 दिनों में 89,380 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया। इसमें करीब 1073 तीर्थयात्रियों का धर्मशालाओं और होटलों में हैंड डिवाइस मशीन से पंजीकरण किया गया। वहीं 21 दिनों में 5301 तीर्थयात्रियों ने ट्रांजिट कैंप की ओपीडी में अपना चेकअप कराया। 14 गंभीर बीमारी वाले तीर्थयात्रियों को राजकीय उप जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
तीर्थयात्रा शुरू होने से सात मई तक ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप की ओपीडी में ब्लड प्रेशर, शुगर और सांस संबंधी करीब 300 मरीजों ने दवाई ली। इन मरीजों में ब्लड प्रेशर के 125, डायबिटीज के 140 और सांस संबंधी रोग के कुल 300 मरीजों आए। इनमें से स्थिति गंभीर होने पर 14 तीर्थयात्रियों को अलग-अलग दिनों में एसपीएस चिकित्सालय रेफर किया गया।
पीपी नौटियाल, विशेष कार्याधिकारी, चारधाम यात्रा प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 अप्रैल को चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में तीर्थयात्रियों के पंजीकरण की शुरुआत की गई थी। अब तक 21 दिनों की तीर्थयात्रा में 89 हजार 380 तीर्थयात्रियों का काउंटर और हैंड डिवाइस के माध्यम से पंजीकरण किया गया।