उत्तर प्रदेश

2027 की तैयारियों में BSP सक्रिय, सतीश चन्द्र मिश्र को चुनाव आयोग संबंधी जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा आमचुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से सर्वसमाज में जनाधार बढ़ाने के साथ-साथ विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलनों के माध्यम से संभावित उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। इसे लेकर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों में हलचल बढ़ने के साथ विरोधी दलों में भी चर्चाएं तेज होने का दावा किया जा रहा है।

BSP की रणनीति में सर्वसमाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने पर विशेष जोर दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में ब्राह्मण समाज को भी पार्टी से जोड़ने तथा आगामी चुनाव में उन्हें प्रतिनिधित्व देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य 2007 की तरह पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए व्यापक सामाजिक समीकरण तैयार करना बताया जा रहा है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चन्द्र मिश्र को भी संगठनात्मक एवं चुनावी तैयारियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। मिश्र पूर्व में उत्तर प्रदेश के महाधिवक्ता, उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के कई बार अध्यक्ष, BSP सरकार में कैबिनेट मंत्री तथा राज्यसभा सांसद रह चुके हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, उन्हें कानूनी और मीडिया संबंधी दायित्वों के साथ अब चुनाव आयोग से जुड़े कार्यों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशी चयन, चुनावी प्रक्रिया और आयोग से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है। BSP समर्थकों से भी पार्टी की चुनावी तैयारियों के बीच विरोधी दलों की रणनीतियों के प्रति सजग रहने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *